नई दिल्ली। देश में भरपूर धूप होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग विटामिन डी की कमी से जूझ रहे हैं। बदलती जीवनशैली, घर और ऑफिस में ज्यादा समय बिताना, सनस्क्रीन का अधिक उपयोग और खराब खानपान इसके प्रमुख कारण हैं। डॉक्टरों के अनुसार इस कमी का सबसे ज्यादा असर युवाओं और महिलाओं में देखने को मिल रहा है। कमर, घुटनों और पीठ में दर्द की समस्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं बच्चों में विटामिन डी की कमी से हड्डियां कमजोर होना, थकान और विकास प्रभावित होने जैसी दिक्कतें सामने आ रही हैं। गुरु तेग बहादुर अस्पताल के एडिशनल मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि रोजाना सुबह की धूप लेना और संतुलित आहार जैसे दूध, अंडा, मछली और फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ इस कमी को दूर करने में मददगार हैं। उन्होंने सलाह दी कि लगातार दर्द या कमजोरी होने पर डॉक्टर से जांच जरूर करानी चाहिए।