नूंह जिले के पुन्हाना इलाके में दशहरा ग्राउंड स्थित स्वर्णकार की दुकान पर शुक्रवार सुबह नकाबपोश दो बदमाशों ने देशी तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। घटना के दौरान बदमाश ने दुकानदार के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर देशी तमंचा बरामद कर लिया है। घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। स्वर्णकार नवीन कुमार के मुताबिक प्रतिदिन की भांति वो सुबह करीब साढ़े सात बजे दुकान खोलने पहुंचे थे। तभी करीब आठ बजे के आसपास दो नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए और चांदी की अंगूठी दिखाने की मांग की। नवीन को दोनों पर शक हुआ, इसलिए उन्होंने यह कहकर टालना चाहा कि दुकान का मालिक मौजूद नहीं है। तभी एक युवक ने अपने बैग से देशी तमंचा निकालकर लूटपाट की कोशिश की। नवीन ने बताया कि आरोपी ने देशी तमंचे से फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपी ने तमंचे के बट से उनके सिर पर लगातार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी को पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को काबू कर लिया। इस बीच दूसरा बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में नवीन को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना पर थाना शहर प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पकड़े गए बदमाश को हिरासत में लेकर देशी तमंचा बरामद किया। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान अहमद पुत्र ईशाक निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। फरार हुए युवक का नाम आमिर निवासी बुलंदशहर है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुबह के समय पलवल और हथीन होते हुए पुन्हाना पहुंचे थे। उन्हें नवीन की दुकान खुली दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई। दोनों आरोपियों की मुलाकात जेल में हुई थी। अहमद के खिलाफ उत्तर प्रदेश में आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी जेल से रिहा होने के बाद भी साथ ही रह रहे थे और वारदात की योजना बनाकर आए थे। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किसी भी सूरत में क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ने नहीं दी जाएंगी। -राजेश कुमार, सिटी थाना प्रभारी पुन्हाना