नूंह जिले से गुजर रहे कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था में जिला पुलिस अलर्ट हो गई है। दो दिन पहले तक जहां सुरक्षा के नाम पर कोई प्रबंध नहीं किए गए थे। वहीं, अब एनएच-248 ए पर कांवड़ियों के निकलने के लिए अलग से पगडंडी निर्धारित की जा रही है और पुलिस के जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात कर दिया गया है। शुक्रवार को नूंह शहर थाना प्रभारी नरेश कुमार की अगुवाई में सड़क के किनारे मिट्टी के बैग भरकर रखते हुए अलग से पगडंडी निर्धारित करने का काम शुरु कर दिया गया। जगह-जगह पुलिस के जवान और होमगार्ड को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात कर दिया गया तथा थाना प्रभारी स्वयं रोड पर गस्त मारते नजर आए। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़े वाहनों, रेहड़ियों को निर्देश दिए कि वे इन्हें सर्विस रोड पर ले जाएं, मुख्य मार्ग के किनारे खड़े न करें। जिले में इस समय कांवड़ियों का आना खूब हो रहा है, जो एनएच-248ए का प्रयोग कर राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर जल लेकर जा रहे है। जिले से निकलने के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्थान के कांवड़ियों ने जिला पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। वहीं, शुक्रवार को जिला प्रशासन व पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर कांवड़ियां संतुष्ट नजर आए। राजस्थान के भरतपुर नगर निवासी समंदर सिंह, फूलसिंह, जवाहर, रघुबीर आदि ने कहा कि मेवात में पुलिस द्वारा सुरक्षा के बहुत अच्छे प्रबंध किए हुए है, उन्हें सड़क पर चलने, रोड पार करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आ रही है। नूंह शहर थाना प्रभारी नरेश यादव ने कहा कि थानाक्षेत्र की सीमा में सुरक्षा के लिए लगातार गस्त की जा रही है। सभी प्रमुख चौराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए है। मुख्यमार्ग पर अलग से पगड़ड़ी बनाने के लिए मिट्टी के बैग भरकर रखे जा रहे है।