नूंह जिला मुख्यालय नूंह में वार्ड नंबर 13 स्थित श्री चित्रगुप्त महाराज के वंशजों द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिली और पूरा माहौल रंग, भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। दोपहर के समय महिलाओं ने कीर्तन मंडली के साथ पारंपरिक भजनों और गीतों के बीच फूलों व चंदन की होली खेली, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। समारोह में पलवल से आई आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों ने राधा-कृष्ण की सुंदर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बिरादरी के सरपरस्त जगदीश माथुर, मदनलाल माथुर, प्रधान खूबचंद माथुर, उपप्रधान संजय सक्सेना, सचिव मोनू माथुर, युवा प्रधान सतीश सक्सेना, एडवोकेट मनोज माथुर सहित अनेक पदाधिकारियों ने आयोजन की कमान संभाली। इस अवसर पर समाज के दर्जनों बुजुर्ग महिला-पुरुषों, कांवड़ सेवा करने वाले श्रद्धालुओं तथा शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले होनहार बच्चों को मोमेंटो, फूलमालाएं और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और संस्कारों को मजबूत करते हैं। भगवान चित्रगुप्त महाराज की आरती के बाद डीजे पर होली भजनों के साथ लोगों ने जमकर नृत्य किया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में ओमशांति संस्थान की बहन बीके संजीवनी, कीर्तन मंडली की महिलाओं और नीशू डीजे पार्टी का विशेष सहयोग रहा, जिन्हें सम्मानित भी किया गया।