गौतमबुद्ध नगर में रविवार से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ग्रेटर नोएडा की ओर से दो दिवसीय ईपीएफओ अखिल भारतीय खो-खो लीग का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पहले दिन महिला व पुरुष वर्ग में सात मुकाबले खेले गए। सोमवार को प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। ईपीएफओ की ओर से गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के परिसर में दो दिवसीय प्रथम ईपीएफओ अखिल भारतीय खो-खो लीग के आयोजन की शुरूआत हुई। महिला व पुरुष वर्ग में उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम एवं केंद्रीय क्षेत्र की पांच-पांच टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन महिला वर्ग दो मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में दक्षिण क्षेत्र ने केंद्रीय क्षेत्र को पराजित किया। दूसरे में उत्तर क्षेत्र ने केंद्रीय क्षेत्र को हराया। पुरुष वर्ग में पांच मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में पश्चिम क्षेत्र ने केंद्रीय क्षेत्र, दूसरे में दक्षिण क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र, तीसरे में केंद्रीय क्षेत्र ने उत्तर क्षेत्र, चौथे में दक्षिण क्षेत्र ने पश्चिम क्षेत्र और पांचवें मुकाबले में उत्तर क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र को पराजित किया। मुख्य अतिथि ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड सदस्य गिरीश चंद्र आर्य और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के अपर केन्द्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बक्शी ने लीग का शुभारंभ किया। गिरीश चंद्र आर्य ने कहा कि इस लीग का उद्देश्य ईपीएफओ कर्मचारियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, टीम भावना और आपसी सहयोग अनुशासन को बढ़ावा देना है।