उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में तीन दिनों के दौरान 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर बालिका इंटर कॉलेज भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अच्छा रहा। अधिकांश अभ्यर्थियों के अनुसार पेपर अपेक्षाकृत सरल था, जबकि कुछ ने इसे मॉडरेट स्तर का बताया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।