यूपी बोर्ड की 10वीं कक्षा की गृह विज्ञान की परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा केंद्र के बाहर छात्राएं पेपर देकर बाहर निकलती नजर आईं, जिनके चेहरों पर संतोष और राहत साफ दिखाई दे रही थी। परीक्षा समाप्त होते ही अभिभावकों की भीड़ भी केंद्र के बाहर जुटी रही।
छात्राओं से बातचीत में पता चला कि प्रश्नपत्र संतुलित और सिलेबस के अनुसार था। अधिकतर सवाल किताबों से ही पूछे गए थे। लंबा उत्तर वाले प्रश्नों में पोषण, परिवार संसाधन प्रबंधन और वस्त्र विज्ञान से जुड़े सवालों ने खास ध्यान खींचा।
कुछ छात्राओं ने बताया कि एक-दो प्रश्न थोड़ा घुमाकर पूछे गए थे, लेकिन नियमित तैयारी करने वालों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। कई छात्राओं ने कहा कि उनकी तैयारी के अनुसार पेपर आसान रहा और अच्छे अंक आने की उम्मीद है। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने से छात्राओं और अभिभावकों ने संतोष जताया।