जारचा कोतवाली क्षेत्र के बिसाहडा गांव के समीप एनटीपीसी रोड पर बंसल वायर कंपनी के गेट के सामने ड्यूटी कर निकले कर्मचारी को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शोर मचाने पर अज्ञात ट्रक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने मंगलवार को कंपनी गेट पर जमकर हंगामा किया तथा मृतक परिवार को मुआवजा राशि एवं एक सदस्य को नौकरी की मांग करने लगे। पुलिस ने लोगों को समझाकर हंगामा शांत कराया और कंपनी मैनेजमेंट के साथ वार्ता कराई। कोतवाली प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि मेरठ के मुडाली गांव निवासी राम भूल (35) गाजियाबाद के अर्थला में रहते थे। वह जारचा कोतवाली क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव के समीप बंसल वायर कंपनी में नौकरी करते थे। रोजमर्रा की तरह वह कंपनी बस में सवार होकर सोमवार को ड्यूटी के लिए आए थे। सोमवार की देर शाम में शिफ्ट खत्म होने के चलते जब वह गेट के बाहर सड़क पर निकले, तो अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मौत होने पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर अज्ञात ट्रक मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। मंगलवार को सुबह कर्मचारी एवं परिजनों ने कंपनी गेट पर हंगामा किया। आरोप है कि कंपनी के पास से जा रहे एनटीपीसी रोड पर वाहनों से आए दिन हादसे होते रहते हैं। जिसको लेकर कई बार पुलिस से भी शिकायत की गई थी। गुस्साएं परिजन और कंपनी कर्मचारियों ने मृतक परिवार को मुआवजा राशि एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक हंगामा चलने के बाद पुलिस ने नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। उसके बाद कंपनी प्रबंधन से मुआवजा राशि में मांग को पूरी करने के लिए वार्ता चल रही है।