ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित मूर्ति चौराहा यातायात जाम का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है। वीकेंड पर यहां भयंकर जाम लगना आम बात हो गई है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में वीकेंड पर भी स्थिति कोई बेहतर नहीं रहती। चौराहे पर घंटों तक गाड़ियां फंसी रहती हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और रोजाना सफर करने वालों को भारी परेशानी होती है। शनिवार को ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति से एक मूर्ति चौक तक भीषण रहा। मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन थमे हुए दिखाई दिए। गौरतलब है कि एक मूर्ति चौक पर ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। सड़कों की चौड़ाई कम होने के साथ-साथ उचित ट्रैफिक लाइट और सिग्नलिंग सिस्टम का अभाव जाम की समस्या को और गंभीर बना देता है। नोएडा एक्सटेंशन के निवासियों ने प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त सड़कों का निर्माण, फ्लाईओवर या अंडरपास जैसे स्थायी उपाय किए जाएं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भी चाहिए कि वह इस समस्या का समाधान प्राथमिकता पर करे। ताकि निवासियों को राहत मिल सके और क्षेत्र का यातायात सुगम हो सके।