पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के नोएडा जोन में 15 से 17 मई तक तीन दिवसीय मेगा शिविर का आयोजन कर उपभोक्ताओं के लंबित कामों को निपटाने का प्रयास शुरू किया गया है। इस शिविर में पहले दिन आई बिल रिवीजन से संबंधित सबसे अधिक शिकायतों ने निगम के विद्युत बिलिंग प्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया है। विभिन्न एप और पोर्टल समेत मैसेज, व्हाट्सएप क माध्यम से उपभोक्ताओं को सटीक बिल भेजने के दावे मेगा शिविर के पहले ही दिन खोखलें साबित हो गए। हालांकि मेगा शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे अधिकांश उपभोक्ताओं के शिकायतों को निस्तारित प्राथमिकता से कर दिया गया। नोएडा जोन के मुख्य अभियंता एसके जैन के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, मेगा शिविर के पहले दिन बृहस्पतिवार को बिलिंग से संबंधित 111 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 97 को निस्तारित करा दिया गया। इसी तरह से रेड पोर्टल और अस्सिमेंट से संबंधित 5, मीटर बदलने से संबंधित 19, न्यू कनेक्शन से संबंधित 6, लोड बढ़ाने से संबंधित 83 शिकायतें दर्ज की गई। इसके अलावा शिविर में करीब 191 बकायेदार उपभोक्ताओं ने करीब 19.55 लाख रुपये भी विभाग के खाते में जमा कराए गए। मुख्य अभियंता का कहना है कि अभियान के पहले दिन उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया गया। यह शिविर 17 मई तक आयोजित होगा। उपभोक्ता नोएडा के सेक्टर-25 विद्युत उपकेंद्र के अलावा दादरी, दनकौर व रबूपुरा क्षेत्र में आयोजित शिविर में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।