समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा देश की सैन्य महिला अधिकारी सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी का विरोध प्रदर्शन किया। महिला सभा ने मंत्री के बर्खास्तगी की मांग को लेकर एसडीएम वेद प्रकाश पांडे के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है। महिला मोर्चा की जिलाअध्यक्ष डॉ. शशि यादव ने बताया कि एमपी के मंत्री की टिप्पणी न केवल एक सैन्य अधिकारी का अपमान है, बल्कि देश की हर नारी समाज और सेना का अपमान है। महिला सभा ने आरोप लगाया कि विजय शाह पहले भी एक प्रतिष्ठित अभिनेत्री के काम में बाधा डाल चुके हैं। जो देश की नारियों के प्रति इस तरह की भावना रखता हो ऐसे व्यक्ति को संवैधानिक पद पर रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने भाजपा के नारी शक्ति वंदन अभियान को भी झूठा करार दिया। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में मंत्री को तत्काल बर्खास्त कर जेल भिजवाने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा मंत्री के बयान से देश का प्रत्येक नागरिक शर्मिंदा है। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए भाजपाई हमेशा इस तरह की ओछी हरकत करते रहते हैं। हाई कोर्ट के सख्त संज्ञान लेने के बाद उन पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश देने के बावजूद भी भाजपा मंत्री को बचाने का कार्य कर रही है। वीरसिंह यादव, रामशरण नागर, कृशांत भाटी, विकास जतन, कपिल ननका, खुशी यादव, यूनुस प्रधान, रोहित मत्ते, अनीता चौहान, ज्योति यादव, अक्षय चौधरी आदि ने मंत्री का विरोध किया है।