ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमिक्रोन एक स्थित सुपरटेक सीज़ार के निवासियों ने रविवार को मेंटेनेंस चार्ज में दूसरी बार वृद्धि होने पर विरोध जताया। आरोप है कि मेंटेनेंस एजेंसी ने छह माह पहले ही मेंटेनेंस चार्ज में 65 पैसे प्रति वर्ग फीट की दर से वृद्धि की गई थीं। जो कि उनका एकतरफा फैसला था। बढ़े हुए कैम चार्जेज से सोसाइटी में कोई भी सामूहिक विकास कार्य न करके कुछ लोगों के निजी लाभ पहुंचाते हुए वाई जी एस्टेट ने अतिरिक्त फंड्स का इस्तेमाल अपनी वित्तीय स्थिति को सुधारने में किया। एओए अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि पुरानी वृद्धि का ब्यौरा दिए बिना ही मेंटेनेंस एजेंसी ने 10 मई से दोबारा 80 पैसे की वृद्धि कर दी है। एओए का आरोप है कि नोटिस दिए बिना ही मेंटेनेंस चार्ज बढ़ा दिया गया। निवासियों का कहना है कि सुविधाएं कोई नहीं मिल रही है। उनका कहना है कि वाई जी एस्टेट हाल ही में दिवालिया घोषित सुपरटेक ग्रुप की ही एजेंसी है, जो पिछले 10 से अधिक वर्षों से सुपरटेक के ज्यादातर विवादित प्रोजेक्ट्स का मेंटेनेंस संभालती है। निवासियों ने बताया कि लगातार सुविधाएं कम होने से सोसाइटी गांव में तब्दील होती जा रही है। मेंटेनेंस प्रभारी अजय भाटी ने बताया कि कैमरे लगाने के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। बैचलर्स के द्वारा आए दिन तोड़फोड़ की जाती है। इसके लिए पुलिस से भी शिकायत की गई है। निवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सारे आरोप निराधार है।