बीटा-2 कोतवाली पुलिस और चोरी/स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया। घायल बदमाश की पहचान लखीसराय (बिहार) के विशाल उर्फ मोनू महतो के रूप में हुई है। वहीं कांबिंग में गिरफ्तार साथी की पहचान बागपत के तनिष्क के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दोनों से दो तमंचा, दो कारतूस, चोरी की बाइक (फर्जी नंबर प्लेट सहित) और स्नैचिंग में उपयोग किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि घटना पीपल वाला चौराहे के पास उस समय हुई। जब पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर दोनों बदमाश बाइक मोड़कर ढकिया बाबा गोलचक्कर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विशाल उर्फ मोनू महतो घायल हो गया। एक बदमाश को कांबिंग में पकड़ा है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घायल बदमाश विशाल उर्फ मोनू का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उस पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 2017 से लेकर 2025 तक के विभिन्न मामले शामिल हैं। थाना बीटा-2, दनकौर, सेक्टर-49, फेस-2 और रबूपुरा थानों में उसके खिलाफ चोरी, लूट, अबकारी व आयुध अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। विशाल उर्फ मोनू और उसके साथियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। गिरोह के अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।