नोएडा सेक्टर-150 स्थित टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी में बढ़ाए गए सीएएम (कॉमन एरिया मेंटेनेंस) शुल्क के विरोध में निवासियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। प्रबंधन की ओर से सीएएम शुल्क 4.96 रुपये से बढ़ाकर 7.30 रुपये प्रति वर्ग फुट कर दिया गया है। निवासियों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर बढ़े हुए शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रबंधन ने बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है, लेकिन लोग शुल्क वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं। बता दें कि टाटा यूरेका पार्क में मेंटेनेंस शुल्क में करीब 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। निवासियों ने सोसाइटी परिसर में प्रदर्शन करते हुए मांग की कि बढ़ा हुआ शुल्क तत्काल वापस लिया जाए और सुविधाओं में सुधार किया जाए। यह बढ़ोतरी मई माह से प्रभावी हो चुकी है। माह के अंत में इसकी सूचना निवासियों को ईमेल के माध्यम से दी गई। निवासियों का आरोप है कि पुराने शुल्क के बावजूद स्विमिंग पूल, जिम, गार्डन और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं संतोषजनक नहीं थीं। अब इतनी बड़ी बढ़ोतरी के बाद भी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद कम है। उनका कहना है कि यह फैसला निवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। उन्होंने बिल्डर के खिलाफ मार्च निकाला। निवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बढ़ा हुआ शुल्क वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।