भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सलारपुर से भंगेल जाने वाले मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण सोमवार सुबह लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। सड़क के एक हिस्से पर निर्माण कार्य होने से वाहनों की आवाजाही एक ही लेन से कराई गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सुबह कार्यालय और अन्य कामों के लिए निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जाम के कारण ट्रक, बसों सहित बड़े वाहन भी लंबी कतारों में खड़े नजर आए। वैकल्पिक मार्ग और सुचारु यातायात प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत कार्य जरूरी है, लेकिन इसके दौरान यातायात संचालन के बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।