सूरजपुर स्थित कोर्ट परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। जिसमें सुबह से भीड़ उमड़ी। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, पारिवारिक विवाद, मोटरयान दुर्घटना अधिनियम के मामले, बिजली व पानी से जुड़े मामले, भू-राजस्व वाद, सेवा संबंधी मामले, धारा 138 एन.आई. एक्ट वाद और प्री-लिटीगेशन मामलों सहित सुलह-समझौते योग्य वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने भी आम जनता की सहूलियत के लिए विशेष बूथ लगाया। यहां पर चालान संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। लोगों ने बताया कि इस बूथ से उन्हें बड़ी राहत मिली और बिना कोर्ट की लंबी प्रक्रिया से गुजरे उनका काम आसानी से हो गया। टीएसआई विनय तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपने मामलों का निस्तारण कराया। प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की गई।