थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से आईक्यूओओ कंपनी के 100 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो अवैध चाकू, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मोबाइल को दिल्ली में बेचने के लिए है रहे थे। डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि नॉलेज पार्क पुलिस टीम ने रविवार को सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश निवासी एटा हाल निवासी बलजीत नगर दिल्ली, पंकज उर्फ धीरेन्द्र निवासी एटा और मोहित पुंडीर निवासी हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी चोरी के मोबाइल फोन को विभिन्न माध्यमों से खपाने की फिराक में थे। बरामद मोबाइल फोन आईक्यू कंपनी के हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से बरामद महिंद्रा पिकअप पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिसका उपयोग पुलिस से बचने और माल की ढुलाई के लिए किया जा रहा था। इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहित पुंडीर पर भी चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोबाइल फोन कहां से चोरी किए गए थे और इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं। बताया जा रहा है आरोपी मोबाइल को दिल्ली में कहीं बेचने के लिए जा रहे थे।