ग्रेनो वेस्ट स्थित एक रिहायशी सोसाइटी के फ्लैट की बालकनी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना अरिहंत आर्डन सोसाइटी के टावर-एन स्थित पांचवीं मंजिल के फ्लैट नंबर 503 की है। जहां वाशिंग मशीन में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। हालांकि समय रहते सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम ने आग पर काबू पा लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब 3:50 बजे फ्लैट की बालकनी में अचानक आग लग गई थी जो देखते ही देखते फैल गई। बालकनी में रखी वाशिंग मशीन और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। घटना के समय फ्लैट में रहने वाले विवेक अपने घर पर ही थे। बताया जा रहा है कि सोसाइटी का एक निवासी शादी समारोह से लौटते समय आग को देख लिया। उसने तुरंत फ्लैट मालिक को सूचना दी, जिसके बाद मेंटेनेंस टीम को अलर्ट किया गया। सुबह 4:07 बजे फायर विभाग को भी सूचना दी गई। जिसके बाद ईकोटेक-3 फायर यूनिट मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम ने फायर उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया था। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बालकनी में रखा सामान जलकर खाक हो गया। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह पूरे फ्लैट या टावर में फैल सकती थी। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।