ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टर साइट-4 के उद्यमी अतिक्रमण से परेशान है। उनका कहा कि सेक्टर में लगातार चारों तरफ अवैध झुग्गी-झोपड़ी बन चुकी है। सड़कों के किनारे ठेले वालों ने कब्जा कर लिया है। कई बार पुलिस और प्राधिकरण से शिकायत भी की। शिकायत पर अतिक्रमण को हटाने की खानापूर्ति भी की गई, लेकिन अतिक्रमण से निजात नहीं मिल रही है। शाम होते ही सेक्टर में असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते है। जो कई बार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके है। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टर साइट-4 की लक्ष्मी टिंबर एंड फर्नीचर कंपनी में अमर उजाला उद्यमी संवाद का आयोजन किया गया। जहां सेक्टर के उद्यमियों ने मूलभूत सुविधा नहीं मिलने और समस्याओं का दर्द साझा किया। उद्यमियों का आरोप है कि सेक्टर की ज्यादातर नालियां चोक है। बरसात के समय सड़कों पर जलभराव की समस्या रहती है। लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। बीमारी फैलने का डर बना रहता है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से समस्या के संबंध में शिकायत की गई है, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आरोप है कि यहां पर सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की गई है।