इस बार शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हो रहा है। गौतम बुद्ध नगर की दुर्गा पूजा समितियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। वे देवी की भक्ति के साथ-साथ प्रकृति को बचाने पर भी जोर दे रही हैं। शनिवार को सेक्टर-59 स्थित अमर उजाला कार्यालय में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में पहुंचे समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी योजनाएं साझा कीं। अधिकतर समितियों ने बताया कि वे ईको-फ्रेंडली वस्तुओं का ही उपयोग करेंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक और हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल बिलकुल नहीं होगा। सेक्टर-34 से दुर्गा पूजा समिति के प्रदीप ने कहा कि प्राधिकरण ने विसर्जन के लिए जो कृत्रिम तालाब बनाए हैं उनमें साफ-सफाई होनी चाहिए। अन्य कमेटियों ने कहा कि पानी भी साफ होना चाहिए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हैप्पी टेल्स दुर्गा पूजा समिति के सदस्य रंजीत मलिक ने बताया की नॉर्थ इंडिया के लोगों को बंगाली कल्चर को दिखाने के लिए व बच्चों को हिंदू संस्कृति के बारे में अवगत कराने के लिए दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है।