रमजान में महंगे हुए खजूर ने रोजेदारों की जेब के बोझ को बढ़ा दिया है। रोजेदार इफ्तार के समय खजूर का सेवन करते हैं। यही कारण है कि फलों के साथ-साथ खजूर के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। रविवार को खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। ग्रेनो के तुगलपुर, जगतफार्म, रामपुर, दादरी, तिलपता के अलावा अन्य बाजारों में फल और खजूर की अधिक बिक्री हुई। तुगलपुर बाजार में फल की दुकान लगाने वाले अब्दुल उद्दीन ने बताया कि पिछले दस दिनों में अन्य फलों के साथ-साथ खजूर के दामों में बढ़ोतरी हुई है। सेब पहले 120 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे अब 150 से 180 रुपये प्रति किलो बिक रहें है। इसी तरह से पपीता 40 से बढ़कर 80 रुपये, केला 60 रुपये प्रति दर्जन से बढ़कर 100 रुपये, खरबूजा 60 रुपये किलो से बढ़कर 100 से 120 रुपये हो गए हैं। इसी तरह से खजूर के दामों में भी करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। 250 रुपये प्रति किलो से बढ़कर रेट 350 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। दुकानदारों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजारों दिल्ली, मुंबई, और अन्य प्रमुख शहरों में खजूर की अलग-अलग किस्में उपलब्ध हैं। ग्रेनो के बाजारों में खजूर की कीमत 350 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है, जबकि विदेशी खजूर 700 रुपये प्रति किलो तक हो गई है।