ग्रेटर नोएडा शहर में बसंत पंचमी के मौके पर मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में संस्थान के प्राचार्य राज सिंह यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजन किया गया। इंस्पायर इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय प्रांगण में मां सरस्वती की पूजा एवं हवन बड़ी श्रद्धा के साथ किया गया। छात्रों ने मां सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर ज्ञान और विद्या की कामना की। विद्यालय में पीले रंग के फूलों और गुब्बारों से सजावट की गई थी, जो बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता बंसल ने कहा कि बसंत पंचमी का त्योहार हमें ज्ञान, विद्या और कला के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्रों को अपने जीवन में ज्ञान और विद्या का प्रकाश फैलाने के लिए प्रेरित किया।