दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में दिसंबर में आयोजित सब जूनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को कराटे वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के पदाधिकारियों ने रविवार को पुरस्कृत किया। इस चैंपियनशिप में बालिका वर्ग की खिलाड़ी कायरा और वैष्णवी ने स्वर्ण जीतने में सफल रही थी। इनके अलावा वंशिका और आदित्य ने रजत व नायरा गुप्ता व आशुतोष ने कांस्य पदक हासिल किया था। कराटे वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा ने रविवार को नोएडा स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित कर सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले सभी छह खिलाड़ियों को दस हजार, दो हजार और एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि व प्रतीक चिन्ह देकर पुरस्कृत किया। एसोसिएशन के महासचिव कमल थापा और कोषाध्यक्ष बालकिशन गुरंग ने बताया कि खिलाड़ी कायरा भारद्वाज ने अंडर 13 और वैष्णवी शर्मा ने अंडर-12 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वंशिका और आदित्य ने अंडर 7 में रजत और आशुतोष ने अंडर 8 व नायरा गुप्ता ने अंडर 9 आयु वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।