नोएडा सेक्टर-12 स्थित जिले के पहले राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों की बढ़ती संख्या के कारण स्कूल प्रबंधन को 6वीं से 12वीं तक सभी कक्षाओं में प्रवेश बंद होने का बोर्ड लगाना पड़ा है। इसके बावजूद कई अभिभावक अपने बच्चों के दाखिले के लिए स्कूल पहुंच रहे हैं और विभिन्न माध्यमों से प्रवेश के लिए प्रयास कर रहे हैं।
स्कूल में इस समय छात्रों की संख्या क्षमता से काफी अधिक हो गई है। नौवीं कक्षा में ही करीब 501 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। पांच सेक्शन में बंटी इस कक्षा में प्रत्येक सेक्शन में लगभग 100 छात्र बैठ रहे हैं। इतनी अधिक संख्या के कारण गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठने में भी परेशानी हो रही है।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों को पढ़ाई का बेहतर माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है।