शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीट पर 30 दिसंबर से आर्थिक रुप से कमजोर छात्रों को दाखिला मिलने लगेगा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पहले चरण में चयनित 1688 छात्रों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए हैं। छात्रों को आवंटन पत्र अपने ब्लॉक के ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से लेने होंगे। इसके साथ ही स्कूलों को भी चयनित छात्रों के नाम मेल कर दिए गए हैं।आरटीई प्रभारी आलोक मिश्र ने बताया कि पहले चरण की प्रकिया पूरी हो चुकी है। अब छात्रों को आवंटित स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन पत्र लेना होगा। दाखिले की प्रकिया पूरी होने के बाद उन्हें प्रवेश मिल जाएगा। छात्रों की पढ़ाई बाधित नहीं हो इसके लिए पहली बार शासन की ओर से दिसंबर में आरटीई की प्रकिया शुरू की गई है। स्कूलों को पहले ही छात्रों का प्रवेश लेना होगा। नए सत्र के पहले दिन ही आर्थिक रुप से कमजोर छात्रों बड़े स्कूलों में पढ़ने का सपना पूरा होगा।