मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर-10 क्षेत्र में नई ड्रेनेज लाइन (ड्रेन) का निर्माण किया जा रहा है, जिसे मुख्य नाले से जोड़ने का कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बरसात के दौरान सेक्टर-10 और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा होने की समस्या को देखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है। ड्रेन निर्माण का उद्देश्य वर्षा जल को तेजी से मुख्य नाले तक पहुंचाना है, ताकि सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति न बने। वर्तमान में दो अलग-अलग स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है। निर्माण एजेंसियां ड्रेन को मुख्य नाले से जोड़ने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि ड्रेन के निर्माण और मुख्य नाले से कनेक्टिविटी होने के बाद बारिश का पानी आसानी से निकल सकेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को जलभराव, यातायात बाधित होने और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलेगी। नगर निगम और संबंधित विभागों की ओर से शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मानसून के दौरान जलभराव की घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।