गुरुग्राम में आईएमटी मानेसर और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और संकरी सड़कों की समस्या से राहत मिलने वाली है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने की योजना शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना पर करीब 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सबसे बड़ा काम सेक्टर-3 से गांव खोह तक जाने वाली सड़क पर होगा। वर्तमान में यह सड़क 7 मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 12 मीटर किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 83.69 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा गांव कांकरौला से आईएमटी मानेसर को जोड़ने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। यह सड़क अभी काफी संकरी है, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़क को चौड़ा करने पर करीब 12.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।