मानेसर के सेक्टर 87 स्थित एक खाली प्लॉट में जमा कचरे में सोमवार की सुबह आग लग गई।जिससे आस-पास काला धुआं फैलने लगा। मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों ने इसकी शिकायत की। अग्निशमन की गाड़ी ने आकर आग बुझाई।
लोगों के अनुसार इस प्लाॅट में औद्योगिक इलाके का कचरा डंप किया जाता है। कबाड़ वाले इससे जरूरी चीजे निकाल कर छोड़ देते और मौका मिलते ही इसमें आग लगा दी जाती है। ऐसा इस जगह पहले भी हो चुका है। इस जगह के आस-पास विपुल लावण्या, माइक्रोटेक, डीएलएफ 86, अंसल हाईटस, नवादा फतेहपुर, और नाहरपुर गांव है, जहां के लोगों को इस कचरा जलने के कारण निकलने वाले धुएं से परेशानी है। विपुल लावण्या के निवासी अमित शेखर ने बताया कि सुबह हम टहलने निकले तो देखा कि सुबह करीब 6.30 बजे आग लगी हुई थी। यहां काफी मात्रा औद्योगिक कचरा और अन्य कचरा जमा होता है। लोगों की शिकायत पर करीब 9 बजे अग्निशमन की गाड़ी आई और 12 बजे तक इसे बुझाया जा सका।
नवादा गांव के विकास यादव ने बताया कि सेक्टर 81 से 86 के बीच औद्योगिक कचरा डंप किया जाता है। कई बार शिकायत की गई है मगर इसका कोई हल नहीं निकाला जा रहा है। 25 एकड़ के इस प्लॉट में कई बार स्क्रैप में आग लगाई जा चुकी है। आस-पास के लोग हानिकारक धुएं से गंभीर बीमारयों केशिकार हो सकते हैं। निवासियों ने बताया कि इस इलाके में कई बार स्क्रैप में आग लग चुकी है। कोई व्यक्ति अगर विरोध करने जाता है तो कबाड़ वाले लोगों से मारपीट तक करने लगते हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव ने बताया कचरा जलाए जाने की घटना पर जांच चल रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। आगे ऐसी घटना नहीं हो इसकी कोशिश की जा रही है।