मानेसर नगर निगम के भांगरोला गांव में निर्माणाधीन सड़क का काम समय से पूरा नहीं होने के चलते ग्रामीणों को निकलने में भारी परेशानी हो रही है। लगभग छ महीनों से गांव की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव छ महीनें पहले यहां पर मेयर डॉ. इन्द्रजीत कौर यादव आई थी। उन्होंने हमे आश्वासन दिया था कि एक महीने में यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी, लेकिन अब छ महीने का समय हो गया। गांव की मुख्य सड़क गंभीर हालत में है। निर्माणाधीन सड़क के पास सीवर का गंदा पानी जगह-जगह पर जमा हो गया है। सीवर के पानी की निकासी नहीं होने के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाई कर्मचारी भी दो महीनों से नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। गांव में नालियों की मरम्मत नहीं होने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है। गंदे पानी के कारण इलाके में बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।