गुरुग्राम में दो दिनों से बिजली संकट से त्रस्त सेक्टर 92 स्थित रहेजा नवोदया और संपदा के निवासियों ने उपायुक्त अजय कुमार के आवास के सामने धरना -प्रदर्शन किया। बृहस्पतिवार को देर शाम उपायुक्त से गुहार लगाने पहुंचे पहुंचे निवासियों ने उपायुक्त से हस्तक्षेप कर सोसाइटी की बिजली चालू कराने की मांग की। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष वेद ढाका ने बताया कि उनकी सोसाइटी में बिल्डर ने स्थाई कनेक्शन नहीं लिया है। बिल्डर का बिजली निगम के पास करीब 6 करोड़ रुपया बकाया है। यह मामला अदालत में चल रहा है। अदालत ने बिजली नहीं काटने के आदेश दे रखे हैं बावजूद इसके उनकी बिजली काट दी गई। पिछले दो दिनों से सोसाइटी में बिजली नहीं। जेनसेट से काम चल रहा है, अब जेनसेट भी खराब हो चुका है। यहां 700 परिवार रहते हैं। इस संबंध में बिजली निगम के एसई वन श्यामबीर सैनी ने बताया कि सोसाइटी की बिजली जोड़ने के आदेश दे दिए गए है। अभी- अभी उपायुक्त ने आदेश हमें दिया है। न्यायालय में यह मामला दोबारा खुला है। बिजली नहीं काटे जाने जैसे कोई आदेश नहीं आए थे। बकाया राशि होने के कारण बिजली काटी गई थी।