गुरुग्राम। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्राओं के बीच ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से बड़ी संख्या में यात्री निजी बसों का सहारा लेने को मजबूर है। इसका सबसे अधिक असर उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे में सीट नहीं मिलने के कारण उन्हें महंगे किराए पर बसों में सफर करना पड़ रहा है, जिससे जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। शहर के राजीव चौक, सेक्टर-12, इफ्को चौक, हीरो होंडा चौक और सेक्टर-29 से प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी बसें विभिन्न राज्यों के लिए रवाना होती है। इन बसों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि बसों में भीड़, अधिक किराया और सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने बताया कि जहां ट्रेन का टिकट करीब 500 रुपये में मिल जाता है, वहीं निजी बसों में उसी यात्रा के लिए 1200 से 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।