गुरुग्राम के सेक्टर 37 में जीएमडीए की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज के कारण एक ओर लाखों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है, वहीं सेक्टर 37 सी और डी की सोसाइटियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। सोसाइटियों के लोग टैंकर खरीदकर काम चला रहे हैं। सेक्टर 37 डी स्थित बीपीटीपी पार्क सेरेन के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह पाइप में लीकेज हो गया और एक तालाब की तरह पानी जमा हो गया। अभी तक इसकी मरम्मत का काम नहीं शुरू हो पाया है। पाइप लाइन टूटने की वजह से बीपीटीपी की सोसाइटियों पार्क सेरेन, जेनरेशन,टेरा और स्पेशियो में टैंकर मंगाकर पानी का काम चलाया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर 37 सी की सोसाइटियां तक्षशिला हाइट्स, आईएलडी ग्रीन, सिग्नेचर मिलेनिया -2, एपेक्स आवर होम्स, इंपीरिया एस्फेरा आदि में भी जल संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसी स्थिति फरवरी महीने में भी उत्पन्न हो गई थी, एक सोसाइटी के अंडरग्राउंड केबल पर काम चलने के क्रम में जेसीबी ने जीएमडीए की मुख्य पेयजल लाइन टूट गई थी और इलाके में जल संकट उत्पन्न हो गया था। लोगों ने प्रशासन से जीएमडीए से पाइप लाइनों की सुरक्षा की मांग की है। एक ओर बहुमूल्य पेयजल बर्बाद हो रहा है तो दूसरी ओर लोगों को टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं।