स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामयी और देशभक्ति के रंग में आयोजित करने की तैयारियों के तहत गुरुवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि होंगे। वे 15 अगस्त को प्रातः ठीक 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसी उत्तम सिंह ने समारोह की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह से जुड़े विभिन्न प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देश के प्रति सम्मान, गौरव और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति का अवसर है, इसलिए समारोह की प्रत्येक प्रस्तुति और व्यवस्था में अनुशासन, गरिमा एवं उत्कृष्टता दिखाई देनी चाहिए।