जिले के पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 से 19 जुलाई तक कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों ने नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया और भारतीय टीम में जगह बनाई। चयनित खिलाड़ियों में 84 किलोग्राम से कम में गौतम, 63 किलो ग्राम से कम में नव्या सागर, 57 किलो ग्राम से कम में खानक, एडल्ट वर्ग के 63 किलो ग्राम से कम में पलक और 70 किलो ग्राम से अधिक में टीपू शामिल हैं। गौरतलब है कि सभी चयनित खिलाड़ी पहले भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। अब उनकी नजरें एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ आगामी एशियन गेम्स और अन्य प्रमुख प्रतियोगिताओं पर भी टिकी हैं।