नगर निगम गुरुग्राम द्वारा लागू की गई प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी एवं छूट योजना को नागरिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। योजना का लाभ उठाने के लिए सोमवार को नगर निगम गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) में संपत्ति करदाताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में नागरिक अपने प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड अपडेट कराने तथा बकाया कर जमा करने के लिए निगम कार्यालय पहुंचे। इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम 450 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा है। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र के सभी संपत्ति मालिकों को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर लगने वाले ब्याज में 100 प्रतिशत माफी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष के प्रॉपर्टी टैक्स के भुगतान पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए संपत्ति मालिकों को अपनी संपत्ति का विवरण एनडीसी पोर्टल पर सेल्फ-सर्टिफाई करना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, उन्हें अब तक का संपूर्ण बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराना होगा। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले संपत्ति मालिक ही इस विशेष राहत योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।