गुरुग्राम में वाटिका चौक से साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) तक लेन-4 नाले का निर्माण तेजी से चल रहा है। जीएमडीए इस कार्य को अगले साल मानसून से पहले पूरा कराने का लक्ष्य रखा है। लेन 4 बनने से बादशाहपुर नाले का भार कम होगा और जल भराव से राहत मिलेगी। साइबर सिटी में बरसाती पानी निकासी के तीन प्रमुख प्राकृतिक नाले हैं। इसमें लेग 1 ड्रेन (सिकंदरपुर से पालम विहार वाया नजफगढ़), लेग 2 (सेक्टर 42 हुडा सिटी सेंटर से नजफगढ़) और लेग 3 ड्रेन (घाटा गांव से वाटिका चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर 99 से नजफगढ़ ड्रेन) जिसे बादशाहपुर ड्रेन भी कहा जाता है। तीनों नालों से बारिश का पानी नजफगढ़ ड्रेन में जाता है। अब जीएमडीए एक नया नाला बनवा रहा है। इसे वाटिका चौक से एसपीआर होते हुए एनएच-48 तक बनाया जाना है। यह नाला न्यू गुरुग्राम एरिया के लिए बरसाती पानी निकासी के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसके निर्माण को जल्द पूरा कराने की तैयारी है।