नगर निगम मानेसर की ओर से काकरौला और भांगरौला गांव के लोगों को जल्द बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। दोनों गांवों में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा तैयार किया गया एस्टीमेट मंजूर हो गया है। परियोजना पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदार को काम सौंपा जाएगा और जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य अगले एक वर्ष के भीतर दोनों कम्युनिटी सेंटरों का निर्माण पूरा करना है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों गांवों में लंबे समय से कम्युनिटी सेंटर की मांग की जा रही थी। गांव में कोई ऐसा स्थान नहीं है जहां लोग शादी, सामाजिक कार्यक्रम, बैठकें और अन्य सामुदायिक आयोजन कर सकें। ऐसे में लोगों को कार्यक्रमों के लिए बाहर जगह तलाशनी पड़ती है, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती है।