गुरुग्राम सेक्टर 22 स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्री-प्राइमरी विंग का वार्षिक अभिभावक दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर रश्मि खुराना ने शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, रोटेरियन और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। एलकेजी के बच्चों ने समय के महत्व पर आधारित प्रस्तुति दी, प्ले-ग्रुप के नन्हों ने आकर्षक नृत्य से सभी का दिल जीता और नर्सरी कक्षा ने भारत की सांस्कृतिक झलक पेश की।