गुरुग्राम के पटौदी रोड पर जमालपुर चौक के पास बुधवार दोपहर एक प्लास्टिक स्क्रैप वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। प्लास्टिक, रबर और लकड़ी जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैली, जिससे लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। धुएं से आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। मानेसर फायर स्टेशन को सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मानेसर, पटौदी, सेक्टर-29, भीमनगर, सेक्टर-37 और उद्योग विहार से कुल 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं। देर शाम तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी था, लेकिन प्लास्टिक के कारण आग बुझाने में कठिनाई हुई। मानेसर फायर स्टेशन के अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।