गाजियाबाद के इंदिरापुरम के वसुंधरा चौकी क्षेत्र के कनावनी हिंडन मार्ग पर 22 जुलाई की देर रात करीब 2 बजे हरियाणा स्थित गुरुग्राम सेक्टर तीन निवासी अमित कुमार (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमित अपने दोस्त विजय शर्मा के साथ गुरुग्राम से इंदिरापुरम आए थे। देर रात विजय ने पुलिस को डायल 112 पर कॉल करके सूचना दी। उनका कहना था कि दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रास्ते में रोका और अमित को गोली मारकर भाग गए। हत्या की सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंची और अमित को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी भेज दिया। वहीं शक होने पर पुलिस ने विजय शर्मा से पूछताछ शुरू की। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि हत्या के पीछे अमित के दोस्त विजय शर्मा और उनके दो अन्य साथियों का हाथ होने की बात सामने आई। पुलिस की पूछताछ में विजय ने बताया कि वह और अमित दोनों गुरुग्राम में रेस्तरां संचालित करते हैं। व्यापारिक लेनेदेन को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। बुधवार रात बहाने से अमित को गाजियाबाद बुलाया। यहां लाकर इंदिरापुरम के कनावनी-हिंडन मार्ग पर अमित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसीपी ने बताया कि बाकी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।