हापुड़। नंगौला स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 और कंपोजिट विद्यालय की तीन शिक्षिकाओं ने अश्लील गाने पर विभागीय प्रशिक्षण दौरान वीडियो बनाया। इन पर बच्चों से सफाई कराने, ग्रामीणों से अभद्रता करने का भी आरोप था। अलग अलग प्रकरणों की जांच के बाद तीनों को निलंबित कर दिया गया है।
अमीपुर नंगौला के पूर्व प्रधान सुरेंद्र कुमार त्यागी ने शिक्षिकाओं पर विद्यालय में अश्लील गाने पर रील बनाने, बच्चों से साफ सफाई कराने का आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। शिक्षिकाओं पर घर में घुसकर अभद्रता करने का भी आरोप लगाया था।
तीनों शिक्षिकाओं का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें तीनों रील बनाती दिख रही हैं, यह वीडियो भी प्रशिक्षण के दौरान बनाया गया। विभागीय जांच में तीनों को दोषी पाया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच में कार्रवाई की संस्तुति की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रितु तोमर ने बताया कि सहायक अध्यापिका पवन कुमारी, आरती कुमारी, रेखा कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। इस तरह का कृत्य बर्दाश्त नहीं होगा।