फरीदाबाद जिले के औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। फरीदाबाद के सेक्टर-59 स्थित हिंदुस्तान सिरिंज फैक्ट्री में बनने वाले मेडिकल डिवाइस (सिरिंज और ऑपरेशन ब्लेड) अब सीधे वेनेजुएला भेजे जाएंगे। भारत और वेनेजुएला के बीच हुए एक हालिया द्विपक्षीय समझौते के तहत यह फैसला लिया गया है, जिसके बदले में भारत वहां से पेट्रोल और डीजल का आयात करेगा। इस समझौते को अमलीजामा पहनाने के लिए भारत के आधिकारिक दौरे पर आईं वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिगुएज गोम्स ने खुद फरीदाबाद की इस फैक्ट्री का दौरा किया। 3 से 7 जून तक भारत यात्रा पर रहीं अंतरिम राष्ट्रपति गोम्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता और भोजन के बाद इस फैक्ट्री को देखने की विशेष इच्छा जताई थी। वह शुक्रवार रात फरीदाबाद पहुंची। सुरक्षा कारणों के चलते जिला प्रशासन ने इस हाई-प्रोफाइल दौरे को बेहद गोपनीय रखा और किसी को कानों-कान खबर नहीं होने दी। दिल्ली से सूचना मिलते ही फरीदाबाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। एसडीएम मयंक भारद्वाज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अंतरिम राष्ट्रपति गोम्स करीब आधे घंटे तक फैक्ट्री में रहीं। इस दौरान उन्होंने सिरिंज और ब्लेड निर्माण की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझा और उसकी गुणवत्ता की सराहना की। निरीक्षण के बाद वह सीधे दिल्ली स्थित अपने होटल के लिए रवाना हो गईं। इस वैश्विक समझौते से फरीदाबाद के उद्योग जगत में भारी उत्साह है।