फरीदाबाद की एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इन दिनों कैंटीन में भोजन उपलब्ध न होने से मरीजों, उनके तीमारदारों तथा अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यावसायिक गैस की कमी के कारण कैंटीन में नियमित खाना तैयार नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को मजबूरी में रेडीमेड खाद्य पदार्थों से ही काम चलाना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन हजारों मरीजों की आवाजाही रहती है और सैकड़ों मरीजों के भर्ती रहते हैं। कैंटीन में व्यावसायिक गैस की आपूर्ति न हो पाने की वजह से भोजन की सुविधा प्रभावित हो रही है।