फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बल्लभगढ़: जाजरू गांव में सरपंच और पंचों के बीच बढ़ा विवाद, आठ पंचों ने BDPO कार्यालय में सौंपे इस्तीफे

गांव जाजरू में सरपंच और पंचों के बीच विवाद गहरा गया है। गांव के आठ पंचों ने सरपंच के कार्यशैली से नाराज होकर सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सभी पंच बल्लभगढ़ स्थित बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे और वहां लिखित रूप से अपने इस्तीफे जमा कराए। इस घटनाक्रम के बाद गांव की पंचायत व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस्तीफा देने पहुंचे पंचों ने आरोप लगाया कि उन्हें गांव में होने वाले विकास कार्यों और पंचायत बैठकों की जानकारी नहीं दी जाती। उनका कहना है कि पिछले करीब एक साल से उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। पंचों के अनुसार गांव में सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य शुरू किए जाते हैं, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी कोई सूचना नहीं दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले बिना उनकी सहमति और जानकारी के लिए जा रहे हैं। पंचों ने बताया कि कई बार उन्होंने इस संबंध में सरपंच से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि जब भी वे विकास कार्यों और बैठकों की जानकारी मांगते थे तो बात को टाल दिया जाता था। इसी नाराजगी के चलते सभी पंचों ने एकजुट होकर पद छोड़ने का फैसला लिया। वहीं गांव के सरपंच अजय डागर ने पंचों की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पंचायत की हर बैठक में पंचों को बुलाया जाता है और सभी विकास कार्य उनकी जानकारी में ही कराए जाते हैं। सरपंच का आरोप है कि कुछ पंच उन पर निजी काम करवाने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने निजी कार्य करने से मना किया तो उनके खिलाफ माहौल बनाया गया। उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। सरपंच ने यह भी बताया कि उन्होंने अपना पक्ष लिखित रूप से बीडीपीओ कार्यालय में जमा करा दिया है। इस मामले में बल्लभगढ़ खंड के बीडीपीओ अधिकारी अंशु डागर ने बताया कि गांव जाजरू के आठ पंचों ने कार्यालय में इस्तीफे जमा कराए हैं। पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। साथ ही पंचों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच करवाई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें