उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 17 दिन से फंसे कोटद्वार के बिशनपुर लालपानी निवासी गबर सिंह के बाहर निकल आने की सूचना के बाद परिजनों में खुशी की लहर है। मंगलवार रात को गबर सिंह की पत्नी ने जहां दिये जलाकर मिठाई बांटी। वहीं बच्चों और पड़ोसियों ने पटाखे फोड़कर दिवाली मनाई। उनके सकुशल बाहर आने की सूचना के बाद बुधवार को भी उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। गबर सिंह की पत्नी जसोदा देवी ने बताया कि सुरंग से बाहर निकलने के बाद उनके पति ने फोन पर उनसे बात कर सकुशल होने की सूचना दी।