शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और उनके प्राचार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से अमर उजाला और तुलाज यूनिवर्सिटी, धूलकोट (सेलाकुई) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अमर उजाला स्कूल एक्सीलेंस अवॉर्ड का आयोजन किया गया। तुलाज यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित समारोह में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के चयनित विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सम्मान प्रदान करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने नई शिक्षा नीति, वर्तमान शिक्षा व्यवस्था और भविष्य में विद्यालयों की भूमिका पर भी अपने विचार रखे। समारोह में शिक्षाविद, विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करना और अन्य विद्यालयों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।