हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही एक कार में शनिवार शाम करीब 8 बजे अचानक आग लगने से हाईवे पर हड़कंप मच गया। घटना कुआंवाला क्षेत्र में जंगल के समीप हुई, जहां देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही लालतप्पड़ और देहरादून से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं कुआंवाला पुलिस चौकी और कोतवाली पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि हरिद्वार से देहरादून की ओर आ रही कार से कुआंवाला के पास अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक और कार में सवार एक अन्य व्यक्ति तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। इसके कुछ ही क्षण बाद कार में भीषण आग लग गई और वाहन आग की लपटों में घिर गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार को भारी नुकसान पहुंच चुका था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने समय रहते यातायात को व्यवस्थित कर हाईवे पर आवागमन सुचारू कराया।