कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा अपने आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने मंत्री को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और एक-दूसरे को रंगों के इस पर्व की बधाई दी। समारोह में कुमाऊँनी और गढ़वाल के राठ होलियारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। खड़ी होली की मधुर धुनों पर फाग गीतों ने माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे होलियारों, छोलिया नृत्य और मसकबीन व ढोल-दमाऊँ की थापों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत की। समारोह रंग, संगीत और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।