फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asia Cup 2025: बायकॉट की मांग के बीच पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगा भारत

Sat, 13 Sep 2025 08:22 PM IST
सत्यम दुबे वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

एशिया कप छठा मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनस स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले बहिष्कार की मांग तेज हो गई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद ऐसा पहली बार होगा, जब भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें एक दूसरे के खिलाफ खेलती नजर आएंगी। इस मैच को लेकर विरोध के स्वर भी उठ रहे हैं, लेकिन दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान पर एक दूसरे का सामना करने के लिए तैयार हैं। भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। 

चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में रिकॉर्ड को देखें तो भारत का पलड़ा भारी है। लेकिन, इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच उत्साह थोड़ा कम दिखाई दे रहा है। क्योंकि, अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से सैन्य अभियान चलाया था, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद बढ़ गया था। इसे लेकर ही मैच का बहिष्कार करने की मांग उठी है। मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं और शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र में बहुत कम दर्शक पहुंचे। मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है। सोशल मीडिया पर अपील की जा रही है कि भारत इस मैच का बहिष्कार करे जिससे कोई नहीं जानता कि कितने बीसीसीआई अधिकारी रविवार को मैच देखने पहुंचेंगे, वर्ना दोनों देशों के बीच मैच के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहते थे।

मुकाबले की बात करें तो भारत के लिए तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ उतरना फायदेमंद रहा था और दुबई की पिच पर स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि भारत प्लेइंग-11 में किसी तरह का बदलाव करेगा। भारत अगर बदलाव करना चाहे तो एक स्पिनर कम करके तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मौका दे सकता है, जो पिछले मैच में नहीं खेले थे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि अर्शदीप की जगह किस खिलाड़ी को प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है। अक्षर गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, ऐसे में उनका एकादश में रहना तय है। यानी अगर अर्शदीप को मौका देना है तो वरुण और कुलदीप में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। 

पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होने वाला है, गेंदबाजी से ज्यादा भारत का बल्लेबाजी क्रम पाकिस्तान को चिंतित करेगा। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे अगर चल जाएं तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। ऑलराउंडरों की बात करें तो फहीम अशरफ की हार्दिक से कोई तुलना ही नहीं है। भारत के लिए आदर्श बल्लेबाजी लाइन-अप का पता लगाना ही अहम होगा। संजू सैमसन और दुबे का बल्लेबाजी क्रम में स्थान महत्वपूर्ण होगा। यूएई के खिलाफ मैच से पहले सैमसन का प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना तय माना जा रहा था, लेकिन टीम प्रबंधन ने जितेश शर्मा की जगह सैमसन के अनुभव को तरजीह दी थी। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ जितेश शर्मा के खेलने की उम्मीद कम ही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें