फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोंडागांव: अफीम की खेती और नशे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव

अमर उजाला नेटवर्क, कोंडागांव Updated Thu, 12 Mar 2026 08:07 PM IST

छत्तीसगढ़ में कथित रूप से बढ़ते नशे के कारोबार और अफीम की खेती के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर कूच किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही भाजपा कार्यालय के पास बैरिकेडिंग कर दी थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तक पहुंच गए और वहीं जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई, हालांकि स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती मिलने की खबरों से प्रदेश में नशे के कारोबार को लेकर गंभीर स्थिति बन गई है। कांग्रेस का कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाना चाहती है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है और गांव-गांव में नशे का सामान आसानी से उपलब्ध हो रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अफीम की खेती से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम कोंडागांव को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें